करंट विज़न संवाददाता
कानपुर देहात के हनुमानगढ़ी काशीपुर में विश्व साहित्य की अमूल्य निधि श्रीरामचरितमानस के चल रहे अखंड पाठ अनुष्ठान के 35वें वर्ष में प्रवेश के शुभ अवसर पर श्री पंचकुंडीय विष्णु महायज्ञ का भव्य आयोजन कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ। यह आयोजन 24 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक चलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 24 जनवरी को प्रातः भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु गांव की परिक्रमा करते हुए नदी से जल लेकर जयघोष के साथ यज्ञ स्थल तक पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजन के दौरान संत सम्मेलन, विधान मानस संगीतमय पाठ, प्रवचन, रसलीला एवं नाट्य मंचन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह महायज्ञ अखंड ब्रह्मांड नायक परमपिता परमेश्वर की कृपा, करुणा के प्रतीक श्री हनुमंत लाल जी महाराज की अनुकंपा तथा संत शिरोमणि साकेतवासी श्री रामस्वरूप दास जी महाराज की तपोभूमि हनुमानगढ़ी काशीपुर में संपन्न हो रहा है।
महायज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य पंडित श्री रामदत्त दीक्षित (छतरपुर, मध्य प्रदेश) एवं सह आचार्य पंडित अनुपम तिवारी (काशीपुर) द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया, जिसके उपरांत हवन कुंड में अग्नि प्रज्वलित की गई।
भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हनुमानगढ़ी काशीपुर में बने भव्य एवं आकर्षक मंदिर के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा। महिलाओं, बच्चों एवं युवाओं में मंदिर परिसर में सेल्फी लेने की विशेष उत्सुकता देखने को मिली।
आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पधारे संत-महात्माओं का श्रद्धालुओं द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही।
इस अवसर पर प्रमुख भक्तगण राजेश अग्निहोत्री (पुजारी), लायक बापू, पप्पू सिंह, बीरेंद्र सिंह, जगमोहन सिंह गुड्डू, भूपेंद्र सिंह गौर, रणधीर सिंह, प्रवीण सिंह गौर (जिला अध्यक्ष, करणी सेना भारत), अखंड प्रताप सिंह, बिहारी जी (पूर्व प्रधान), मनीष सिंह निवादा, विशेष सिंह गौर, अनिल सिंह ललुआ, कपिल सिंह गौर, सिंटू सिंह गौर, रामगोपाल सिंह, बी.पी. सिंह, दीपू सिंह गौर, अरविंद सिंह सेंगर, कुलदीप सिंह गौर गढ़ी, कंचन सिंह, ठाकुर अभिषेक सिंह सूर्यवंशी, राघव अग्निहोत्री, अनूप सिंह, रमेश सिंह दउआ, नीरज यादव, ईशांत सिंह गौर, लाला सिंह, एडवोकेट राजेश राजपूत, प्रमोद सिंह, सुनील सिंह, मिंटू सिंह, अभिषेक प्रताप सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन 1 फरवरी 2026 को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा।
श्री पंचकुंडीय विष्णु महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, निकली कलश यात्रा
