इंटर के विद्यार्थी विद्यालय की अमूल्य धरोहर – कैलाश यादव

विदाई समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन के महत्वपूर्ण चरण के समापन का साक्षी बना

शावेज़ नक़वी

इटावा। पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में इंटर के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन के एक महत्वपूर्ण चरण के समापन का साक्षी बना। कार्यक्रम का आयोजन संस्था के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। विदाई समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय में बिताए गए पलों को स्मरण करते हुए अपने विचार साझा किए। अपने शिक्षकों और मित्रों से विदा लेते समय कई छात्र-छात्राएं भावुक हो उठे। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और विद्यालय से मिली शिक्षा एवं संस्कारों को जीवन भर आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के उत्तरार्ध में कक्षा 11 के विद्यार्थियों का विशेष योगदान देखने को मिला। उन्होंने अपने वरिष्ठ भाई-बहनों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रस्तुतियां एवं व्यवस्था संभालते हुए पूरे समारोह को अत्यंत रोचक एवं सफल बनाया। संस्था के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कक्षा 12 के विद्यार्थी विद्यालय की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय से प्राप्त ज्ञान, संस्कार एवं मूल्यों के आधार पर विद्यार्थी भविष्य में अपने माता-पिता, विद्यालय एवं समाज का नाम रोशन करेंगे।  विद्यार्थियों को सम्मानित करते चेयरमैन कैलाश यादव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *