जसवंतनगर: कार सवारों ने बाइक सवार को टक्कर मारकर दौड़ाया, लाठी-डंडों से हमला; घटना सीसीटीवी में कैद

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनदहाड़े कार सवार युवकों द्वारा एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारकर लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पूरी घटना पास के पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुंजपुरा, पोस्ट कैस्त, थाना वैदपुरा निवासी मोहित पुत्र दिनेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 13 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह अपने साथी सिंकू पुत्र रामप्रकाश के साथ मोटरसाइकिल संख्या यूपी 75 एस 6850 से जसवंतनगर बाजार से वैदपुरा की ओर जा रहा था।
जैसे ही वह एनएच-2 स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रही कार संख्या यूपी 75 सीटी 7914 ने अचानक मोड़कर उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया और उसकी मोटरसाइकिल कार के नीचे फंस गई।
आरोप है कि कार से उतरे चार नामजद तथा दो अन्य अज्ञात लोग, जो सभी ग्राम कुंजपुरा थाना वैदपुरा के निवासी बताए जा रहे हैं, ने उसे दौड़ाते हुए लाठी-डंडों से मारना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों से बचने के लिए मोहित किसी तरह भागकर पास के पेट्रोल पंप परिसर में घुस गया, जिससे उसकी जान बच सकी।
पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और भविष्य में उसकी जान को खतरा बना हुआ है।
मोहित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *