करंट विज़न संवाददाता
इटावा। कौशल विकास हेतु संचालित कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की समीक्षा बैठक विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, प्रवीण योजना तथा दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षण प्रदाता संस्थानों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का साप्ताहिक पाठ्यक्रम तैयार किया जाए, जिससे प्रत्येक सप्ताह पढ़ाए जाने वाले विषयों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा जिन प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति पूर्ण नहीं हुई है उनकी सूची प्रशिक्षण प्रदाताओं द्वारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षण के शुभारंभ दिवस पर पीटीएम आयोजित करने तथा उसके बाद प्रत्येक माह नियमित रूप से पीटीएम कराने हेतु निर्देशित किया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर दीक्षांत समारोह आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को अवार्ड से सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रशिक्षणार्थियों के प्रमाण-पत्र डीजी लॉकर पर उपलब्ध कराए जाएं तथा प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, विशेषकर ओडीओपी एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के संबंध में जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने बताया कि आगामी 18 मार्च को नुमाइश मैदान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा जिसमें अधिक से अधिक प्रशिक्षित युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक में कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन एवं युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, सेवायोजन अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, प्रशिक्षण प्रदाता संस्थान सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्देश देते सीडीओ।
