कार्यक्रम का संचालन तहसील स्तरीय विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं तहसीलदार भरथना द्वारा किया गया। बैठक में खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद भी उपस्थित रहे
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। भरथना विकासखंड सभागार मे विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी ने की। कार्यक्रम का संचालन तहसील स्तरीय विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं तहसीलदार भरथना द्वारा किया गया। बैठक में खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद भी उपस्थित रहे। शिविर में आशा कार्यकर्ती समूह की समूह सखियां, आंगनवाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिकाएं शामिल हुईं। इसके अलावा अधिकार मित्र भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। शिविर को संबोधित करते हुए आरती द्विवेदी ने उपस्थित आशा, आंगनवाड़ी एवं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने विशाखा गाइडलाइन के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि महिलाओं को कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मान का अधिकार है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में चार अधिकार मित्र कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्ग के लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में आवेदन कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद और तहसीलदार भरथना दिलीप कुमार ने भी विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित शिविर के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने तहसील व ब्लॉक स्तर पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अपर जिला जज का आभार व्यक्त करते हुए सराहना की। शिविर में जानकारी देतीं अपर जिला जज आरती द्विवेदी।
