सीएचसी में ‘पंचनद कैंटीन’ का शुभारंभ, महिला समूह को मिला स्वरोजगार का अवसर

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन ‘प्रेरणा’ के तहत संचालित होने वाली पंचनद कैंटीन का शुभारंभ सोमवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती पूनम द्विवेदी ने फीता काटकर किया। इस कैंटीन के संचालन की जिम्मेदारी केस्त गांव में संचालित ‘राधे-राधे’ स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला श्रीमती रजनी देवी को सौंपी गई है।
उद्घाटन के अवसर पर श्रीमती पूनम द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन के तहत प्रदेश में लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर स्वरोजगार से जुड़ रही हैं। इससे न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि वे परिवार की जिम्मेदारियों में भी महत्वपूर्ण सहयोग दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में उनकी भागीदारी भी मजबूत होती है। कैंटीन के माध्यम से अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी चाय-नाश्ता व अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह, डॉ. तृप्ति शुक्ला, महिला थाना प्रभारी निर्मला कुमारी सहित अस्पताल का स्टाफ और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी कई महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में सभी ने महिला समूह की इस पहल की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *