इलाहाबाद संग्रहालय के आधुनिकीकरण, साहित्यिक गैलरी और नियमित कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय

करंट विज़न संवाददाता

प्रयागराज। इलाहाबाद संग्रहालय में आज मंडलायुक्त एवं प्रभारी निदेशक श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संग्रहालय के समग्र विकास, गतिविधियों के विस्तार तथा जन सहभागिता बढ़ाने से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वप्रथम पुनर्नवीनीकृत सुमित्रानंदन पंत लिटरेरी गैलरी के उद्घाटन हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस गैलरी में प्रयागराज की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को समर्पित करते हुए महान साहित्यकारों—सुमित्रानंदन पंत, रामधारी सिंह दिनकर, हरिवंश राय बच्चन, फिराक गोरखपुरी, महादेवी वर्मा, मैत्रीशरण गुप्त एवं सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’— से संबंधित पांडुलिपियाँ, निजी उपयोग की वस्तुएँ, सम्मान, पुरस्कार तथा अन्य साहित्यिक धरोहरों को सुव्यवस्थित रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।गैलरी को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करते हुए ऑडियो-विजुअल माध्यम के जरिए साहित्यकारों के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व का परिचय उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके। विशेष रूप से निराला पर आधारित एक विशिष्ट डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित करने की योजना है, जो देश के अन्य किसी संग्रहालय में उपलब्ध नहीं है।संग्रहालय की गतिविधियों को नियमित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से वार्षिक इवेंट कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत प्रत्येक माह न्यूनतम चार शैक्षणिक, सांस्कृतिक अथवा साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया विशेषज्ञों की सेवाएँ लेने तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से नियमित कवरेज सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।विद्यालयों से आने वाले छात्रों एवं अन्य आगंतुकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए उनके अनुभव संग्रहालय की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों के लिए एक विशेष पैकेज तैयार करने का निर्णय लिया गया, जिसके अंतर्गत उन्हें संग्रहालय से संबंधित स्मृति-चिह्न प्रदान किए जाएंगे, ताकि उनका भ्रमण ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ यादगार भी बने।बैठक में आगामी 27 फरवरी को चन्द्र शेखर आजाद के शहादत दिवस तथा 28 फरवरी को संग्रहालय के स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक के उपरांत मंडलायुक्त ने संग्रहालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और प्रस्तावित लिफ्ट स्थापना हेतु चिन्हित स्थान का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अन्य प्रमुख संग्रहालयों से समन्वय स्थापित कर उनकी चयनित कलाकृतियों एवं धरोहरों के प्रदर्शन हेतु सहयोगात्मक प्रस्ताव तैयार करने को कहा तथा प्रदर्शनी कक्ष की संभावित डिस्प्ले व्यवस्था पर भी चर्चा की। संग्रहालय अतिथि गृह के जीर्णोद्धार के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने भ्रमण पर आए विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और संग्रहालय की शैक्षणिक उपयोगिता पर विशेष बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *