हथगाम में अवैध पाइप फैक्ट्री का भंडाफोड़, कॉपीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज

सुप्रीम पाइप दिल्ली के नाम पर बन रहे थे डुप्लीकेट प्लास्टिक पाइप

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर। जिले के हथगाम थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली स्थित सुप्रीम पाइप कंपनी के नाम पर कथित तौर पर डुप्लीकेट (कॉपीराइट उल्लंघन) प्लास्टिक पाइप तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे थे।मामले में दिल्ली के फैक्ट्री संचालक कुलदीप सिंह की तहरीर पर हथगाम थाने में सुमन देवी पत्नी राजेश केशरवानी के नाम मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।सूत्रों के अनुसार, हथगाम कस्बे में लंबे समय से यह अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी, जहां दर्जनों मजदूर बिना श्रम विभाग में पंजीकरण के काम कर रहे थे। ऐसे में मजदूरों की सुरक्षा और श्रम नियमों के पालन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।बड़े सवाल खड़े इस कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। चर्चा है कि जिस फर्म के नाम से बड़े स्तर पर कारोबार हो रहा था, उसकी समय-समय पर जांच क्यों नहीं हुई। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि यदि फैक्ट्री में कोई अप्रिय घटना हो जाती तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती।कुछ सूत्रों द्वारा स्थानीय स्तर पर सांठगांठ के आरोप भी लगाए जा रहे हैं, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *