भाजपा नहीं कर सकती नेता जी के कद को कम – गोपाल यादव
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की छोटी सोच आज एक बार फिर से सामने आई है। सैफ़ई मेडिकल यूनिवर्सिटी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक शामिल हुए। उन्होंने अपने भाषण में तमाम लोगों के नाम लिए लेकिन नेताजी स्व. मुलायम सिंह का नाम एक बार भी नहीं लिया जबकि जिस यूनिवर्सिटी की स्थापना दिवस के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री शामिल हुए उसी सैफ़ई मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना ही नेता जी ने ही की थी। गोपाल यादव का कहना है कि जिस नेता ने इस संस्थान की नींव रखी उसी को कार्यक्रम से अलग रखना गलत संदेश देता है। कार्यक्रम में भाजपा से जुड़े सभी प्रमुख लोगों को बुलाया गया लेकिन स्थानीय सांसद डिंपल यादव और विधायक शिवपाल सिंह यादव को आमंत्रित नहीं किया गया। इसे लेकर उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार की मंशा पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस समारोह में एक प्रोफ़ाइल फ़िल्म भी चलाई गई उस प्रोफ़ाइल फ़िल्म में भी नेता जी की एक भी तस्वीर तक नहीं है। सैफ़ई मेडिकल यूनिवर्सिटी किस तरह से सरकार के इशारे पर काम करती है वो भी स्पष्ट दिखता है क्योकि कार्यक्रम में भाजपा के तो सभी लोग आमंत्रित किए गए थे लेकिन स्थानीय सांसद डिंपल यादव और विधायक शिवपाल सिंह यादव को आमंत्रित तक नही किया गया। ऐसा कृत्य करके यदि भाजपा ये सोचती हो कि नेता जी मुलायम सिंह यादव का सम्मान कम हो जाएगा तो ये उनकी ग़लत फ़हमी है। नेता जी तो धूमकेतु हैं। ऐसे कदम से नेता जी का सम्मान कम नहीं होता। मुलायम सिंह यादव का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। जानकारी देते सपा प्रदेश सचिव गोपाल यादव।
