फतेहपुर । असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव में किसान सुमेर सिंह की नृशंस हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 14 जनवरी की देर रात उनकी गला दबाकर और चाकू से रेतकर हत्या कर शव अरहर के खेत में फेंक दिया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी रेनू देवी और पड़ोस में रहने वाली मालती देवी के बीच करीब डेढ़ साल से समलैंगिक संबंध थे। दोनों स्वतंत्र जीवन बिताना चाहती थीं, लेकिन जब इस रिश्ते की जानकारी सुमेर सिंह और परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों के संपर्क पर रोक लगा दी। इसी से नाराज होकर हत्या की साजिश रची गई।मालती देवी, जिसकी पहले तीन शादियां हो चुकी थीं, ने चोरी-छिपे रेनू देवी को मोबाइल फोन दिया, जिससे दोनों लगातार संपर्क में रहीं। इसके बाद सुमेर सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनी। मालती ने अपने परिचित जितेंद्र गुप्ता उर्फ जिद्दी और उसके साथी रामप्रकाश उर्फ मद्दू से संपर्क किया। हत्या की सुपारी 60 हजार रुपये में तय हुई, जिसमें से 8 हजार रुपये की पेशगी दी गई।घटना की रात आरोपी घात लगाए बैठे थे। सुमेर सिंह के सोते समय पहले रस्सी से गला घोंटा गया और फिर चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी गई। बाद में शव खेत में फेंक दिया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी रेनू देवी, उसकी कथित प्रेमिका मालती देवी और मुख्य आरोपी राजू सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जितेंद्र गुप्ता और रामप्रकाश फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि यह सुनियोजित हत्या का मामला है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
समलैंगिक रिश्ते में बाधा बना पति, पत्नी व पड़ोसन ने कराई हत्या
