करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। माह के चतुर्थ शनिवार को जनपद के समस्त थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थानों पर पहुंचकर जन शिकायतों की सुनवाई की और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।थाना समाधान दिवस के दौरान कुल 61 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 43 राजस्व विभाग से संबंधित और 18 पुलिस विभाग से जुड़े मामले थे। अधिकारियों ने राजस्व टीम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए 9 राजस्व प्रकरणों तथा पुलिस से संबंधित 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया।अधिकारियों ने शेष प्रकरणों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित कर्मियों को दिए। साथ ही फरियादियों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।पुलिस प्रशासन ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करना है, ताकि जनता का विश्वास पुलिस व्यवस्था पर और मजबूत हो सके।
