हर- हर महादेव से गुंजायमान हुआ हजारी महादेव मंदिर ll

करंट विज़न संवाददाता

विकासखंड ताखा के ऊसराहार क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक और आस्था के केंद्र हजारी महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में कांवड़ियों और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसी के साथ मंदिर परिसर में 15 दिवसीय मेले का भी विधिवत शुभारंभ हो गया। पर्व को लेकर उत्साह दो दिन पूर्व से ही दिखने लगा था। भारी संख्या में कांवड़िए श्रृंगीरामपुर से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल चलकर मंदिर पहुंचे। रविवार सुबह होते ही जनसमूह उमड़ पड़ा। नर-नारियों और बच्चों ने बेलपत्र, गंगाजल और पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। शाम तक मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण ‘भोले तेरी बम’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह फलाहारी भंडारे आयोजित किए गए। इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर गिरधरपुरा सरसई नावर बंबा के पास राजेंद्र सिंह यादव उर्फ मुन्ना भैया एवं उनके साथियों ने कांवड़ियों के लिए चाय, फल और जलपान की विशेष व्यवस्था की। वहीं, श्री कलिका माता सुंदरकांड सेवा समिति द्वारा भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी इटावा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मंदिर परिसर पहुंचकर मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी ताखा श्वेता मिश्रा, क्षेत्राधिकारी भरथना रामदवन मौर्य और थाना अध्यक्ष बलराज भाटी अपनी टीम के साथ सुरक्षा की कमान संभाले रहे। लोहिया पथ पर जाम की स्थिति देखते हुए रूट डायवर्ट किया गया, जिससे कांवड़ियों को दर्शन के लिए लंबी कतारों में ज्यादा देर खड़ा नहीं होना पड़ा। जलाभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी और डीजे की धुनों पर शिव भजनों पर झूमते हुए अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *