राधानगर में गांजा माफिया का बढ़ता नेटवर्क: खुशवक्तराय नगर में खुलेआम बिक रहा नशा, जिम्मेदार खामोश

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर। जनपद के राधानगर क्षेत्र में इन दिनों अवैध नशे का कारोबार तेजी से फैलता नजर आ रहा है। क्षेत्र के खुशवक्तराय नगर इलाके में कथित रूप से गांजा माफिया द्वारा खुलेआम गांजे की बिक्री किए जाने की चर्चाएं जोरों पर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से जारी है, लेकिन अब तक इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति मिश्रा द्वारा अपने घर से ही गांजे की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि उसे इस काम के लिए किसी दुकान की भी आवश्यकता नहीं पड़ती और घर से ही ग्राहकों को आसानी से नशा उपलब्ध करा दिया जाता है। यह स्थान खुशवक्तराय नगर के पीछे स्थित बताया जा रहा है, जहां इस अवैध गतिविधि को बेखौफ होकर संचालित किया जा रहा है।सबसे चिंताजनक बात यह बताई जा रही है कि इस अवैध कारोबार की चपेट में नाबालिग भी आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई किशोर और युवा इस नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था और युवा पीढ़ी पर बुरा असर पड़ने की आशंका बढ़ती जा रही है।सूत्रों के अनुसार, यह अवैध कारोबार कोई नया नहीं बल्कि कई वर्षों से चल रहा है। इस दौरान कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी बदले, लेकिन इस धंधे पर ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि आखिर इस अवैध कारोबार को किसका संरक्षण प्राप्त है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध नशे के इस नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके और कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *