करंट विज़न संपाददाता
प्रयागराज। अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क में 20, 21 व 22 फरवरी 2026 तक आयोजित मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति श्री सौमित्र दयाल सिंह, उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि माननीय न्यायमूर्ति श्री इन्द्रजीत शुक्ला, मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति श्री सौमित्र दयाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि फल, शाकभाजी, पौधे एवं पुष्प मानव जीवन का आधार हैं। पुष्पों के बिना जीवन नीरस हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी हमें अपनी धरा से जुड़ने और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी से अपने घरों में अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने कहा कि बसंत ऋतु में आयोजित यह मण्डलीय पुष्प प्रदर्शनी शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र होती है। इस समय फूलों की ब्लूमिंग अपने चरम पर होती है और लोग विभिन्न प्रकार के फूलों तथा उनसे निर्मित कलाकृतियों को देखने के लिए उत्साहित रहते हैं।उद्यान विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक आम जनमानस के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रजातियों के फूल, फल एवं शाकभाजी के साथ-साथ आकर्षक सजावट और कलात्मक प्रस्तुतियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित अतिथियों ने उद्यान विभाग एवं आयोजन समिति की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर करने की आवश्यकता बताई।
