विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बुजुर्गों को उनके स्वास्थ्य के अनुसार उचित परामर्श और उपचार संबंधी जानकारी दी
करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। अटल वयो अभ्युदय योजना एवं समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश के अंतर्गत युवा विकास समिति के तत्वावधान में शहर स्थित वृद्धाश्रम में निःशुल्क समग्र कल्याण चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।शिविर के दौरान कुल 73 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बीपी और शुगर की जांच के साथ हृदय रोग, गठिया, डायबिटीज एवं अन्य सामान्य बीमारियों की भी जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बुजुर्गों को उनके स्वास्थ्य के अनुसार उचित परामर्श और उपचार संबंधी जानकारी दी।आयुर्वेदाचार्य डॉ. अफाउल्लाह ने बुजुर्गों को नियमित हल्का व्यायाम करने, प्रतिदिन टहलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संतुलित दिनचर्या अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान आश्रम संचालिका, अशोक यादव, युवा विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा, कंचन मिश्रा तथा श्याम बाबू तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शिविर में स्वास्थ्य जांच और दवा मिलने से वृद्धजन संतुष्ट नजर आए।
