कोहरे और ठंड ने लोगों को घरों में किया कैद, जनजीवन प्रभावित

न्यूनतम तापमान में आई गिरस्वत सात डिग्री पहुंचा
इटावा। शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और ठिठुरन बढ़ा दी, कोहरे की चादर से शहर में ढूंढ छाई रही। रात से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ लेकिन कुछ समय बाद सूर्य देवता ने दर्शन देकर लोगों को कुछ राहत पहुंचाई।
कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर भारी असर पड़ा, जबकि ठंड भी बढ़ गई। शहर न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। रात होते ही घना कोहरा छाना शुरू हो गया। शुक्रवार की सुबह कोहरा इतना घना था कि कई इलाकों में कुछ ही मीटर की दूरी पर दिखना मुश्किल हो गया। नेशनल हाईवे और प्रमुख सड़कों पर वाहन बहुत धीमी गति से चलते नजर आए। सुबह साढ़े सात बजे तक कोहरे के कारण अंधेरा छाया रहा। कोहरे की वजह से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। यात्रियों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा। रेल यातायात पर भी कोहरे का असर दिखाई दिया। कुछ ट्रेनों के अपने निर्धारित समय से देरी से चलने की सूचना मिली। वहीं बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों की रफ्तार भी थमी रही। ठंड और कोहरे के चलते सुबह के समय बाजारों में चहल पहल कम दिखाई दी और लोग घरों में ही दुबके रहे। मौसम में आए इस बदलाव से ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह 10 बजे हल्की धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। कोहरे और सर्द हवा ने ठंड का अहसास करा दिया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोहरे का असर बना रह सकता है और तापमान में और गिरावट होने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

कोहरे के चलते सड़क पर छाई ढूंढ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *