कृभको के सहयोग से राम दुलारी मेमोरियल महाविद्यालय में रोमांचक बॉलीबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न

करंट विज़न संवाददाता

कानपुर देहात में खेल प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में कृभको द्वारा श्रीमती राम दुलारी मेमोरियल महाविद्यालय में भव्य बॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्य मंत्री श्री कुलदीप शंखवार तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रवीण कुमार यादव रहे। अतिथि के रूप में श्री भानु प्रताप सिंह और समाजसेवी श्री ओमकार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृभको के क्षेत्रीय प्रभारी श्री अंशुमन यादव ने की। प्रतियोगिता में चार टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें स्टूडेंट क्लब वॉलीबॉल मकरन्दापुर, पुखरायां की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता, जबकि गोपालपुर बॉलीबॉल टीम उपविजेता रही। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता टीमों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। साथ ही कृभको द्वारा सभी प्रतिभागी टीमों को अभ्यास हेतु विभिन्न खेल सामग्री निःशुल्क वितरित की गई। अपने संबोधन में श्री अंशुमन यादव ने कृभको द्वारा समाज के उत्थान हेतु चलाए जा रहे किसान सभा, मृदा परीक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, चिकित्सा शिविर सहित कई जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि श्री कुलदीप शंखवार ने खिलाड़ियों को प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में आयोजक श्री रमणीक दुबे ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में श्री राजेंद्र यादव और श्री ज्ञानेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि दीपनारायण, अभिषेक और अनुज ने सहयोग प्रदान किया। यह आयोजन खेल भावना और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *