इटावा। कृषि विभाग जनपद मैनपुरी की ओर से पंजाब नेशनल बैंक किसान प्रशिक्षण केंद्र, सैफई में आयोजित 25 दिवसीय एसएमएई आत्मा योजना अंतर्गत ग्रामीण युवा कौशल प्रशिक्षण” कार्यक्रम का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ

करंट विजन संवाददाता इमरान खान

कार्यक्रम में जनपद मैनपुरी के चयनित युवा किसानों को प्रशिक्षण उपरांत प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें आधुनिक कृषि, स्वरोजगार एवं तकनीकी ज्ञान से जोड़ना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती, बैंकिंग ऋण, कृषि यंत्रों का उपयोग, कृषि आधारित उद्योग, विपणन एवं विभिन्न प्रकार की आधुनिक खेती के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मैनपुरी जनपद के उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को अपनाकर ही किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि मैनपुरी जनपद के अपर जिला कृषि अधिकारी गौरव शाक्य ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं, जिनका लाभ उठाकर वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के समय में कौशल ही सबसे बड़ी पूंजी है, और यही उन्हें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं केंद्र निदेशक विपिन कुमार यादव ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 25 दिनों तक युवाओं को विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्राकृतिक खेती के विशेषज्ञ अरविंद सिंह परिहार ने मुख्य रूप से प्रतिदिन प्रशिक्षण प्रदान किया, जबकि जलवायु परिवर्तन पर शिवमंगल यादव एवं बकरी पालन पर अमित कुमार ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। प्रशिक्षण केंद्र के कर्मी रवि यादव ने कार्यक्रम के सफल संचालन में विशेष सहयोग प्रदान किया।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों को बुके एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इस प्रशिक्षण में कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां प्रतिभागियों ने इसे अपने जीवन के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *