करंट विज़न संवाददाता
कानपुर देहात के रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के बरइझाल / कहिंजरी। बिजली विभाग की टीम पर बकाया वसूली के दौरान हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि टीम ओटीएस योजना के तहत बकाया जमा कराने के लिए मौके पर पहुंची थी। जानकारी के अनुसार बिजली विभाग के कर्मचारी उपभोक्ता का बकाया जमा न होने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान नूर मोहम्मद के बेटे ने लाठी लेकर टीम पर हमला कर दिया और जमकर हंगामा किया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विभागीय कर्मचारियों ने किसी तरह स्थिति संभाली और मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। बताया जा रहा है कि विभागीय स्तर पर घटना की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
