आपसी विवाद के चलते भाइयों में हुई मारपीट, पुलिस कस्टडी में महिला की बिगड़ी हालत

इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत इटगांव में जमीन और घर की गैलरी से निकलने को लेकर सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद गाली गलौज और मारपीट में बदल गया। पुलिस ने तीन महिलाओं सहित छह लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की। इटगांव निवासी जवाहर सिंह के बड़े बेटे अभिलाख सिंह और छोटे बेटे सतेन्द्र सिंह के बीच घर की गैलरी से निकलने को लेकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई फिर बात मारपीट तक पहुंच गई। झगड़े के दौरान एक पक्ष ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस झगड़े में शामिल अभिलाख सिंह, उनकी पत्नी सीता देवी, बहू पूजा पत्नी गौरव और दूसरे पक्ष से सतेन्द्र सिंह, उनकी पत्नी सुलोचना तथा भाई चरण सिंह को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाने में भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा जिस पर पुलिस ने सभी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू की। मजिस्ट्रेट के यहां पेशी से पहले मेडिकल के लिए ले जाते समय सतेन्द्र सिंह की पत्नी सुलोचना की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने आनन फानन में उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां डॉ राघवेन्द्र सिंह की देखरेख में उसका इलाज किया गया। जिला अस्पताल में मौजूद पुलिस व परिजन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *