करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सनातन धर्म इंटर कॉलेज एवं इस्लामिया इंटर कॉलेज में स्थापित परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता तथा उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित वितरण-संग्रहण की व्यवस्था का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने संबंधित केन्द्राधीक्षकों एवं कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न कराया जाए तथा परीक्षा अवधि में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन से जुड़े समस्त अधिकारी-कर्मचारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का भली-भांति निर्वहन सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा शासन द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए। इस्लामिया कालेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते डीएम।
