करंट विज़न संवाददाता
इटावा।जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर जिले के समस्त वर्गों के धार्मिक गुरूओं, प्रबुद्धजनों एवं संभ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद कर शासन, प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुये आगामी त्यौहारों पर आपसी सौहार्द, भाईचारा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक संवेदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के लिये पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। विशेष दिवसों को शक्ति का प्रदर्शन न करके स्नेह का प्रदर्शन करके मनायें। आप लोग कोई ऐसा मौका न आने दें कि हमें कोई कड़ी कार्यवाही करनी पड़े। कहीं कोई अप्रिय घटना की संभावना हो तो हमारे संज्ञान में लायें। यह जनपद गंगा जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की मिसाल रहा है इसी भाईचारे को बनाये रखें। उन्होंने कहा कि कांवड यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिये सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। श्रद्धालुओ को जनपद की सीमा के अन्तर्गत किसी प्रकार की समस्या न होने पाये। कांवड यात्रा, होली, रमजान, ईद उल फितर को भाईचारे के साथ मनाकर जनपद में एक मिसाल कायम करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दृष्टिगत समस्त धर्मगुरू और संभ्रांत नागरिक जनपद में आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में पूर्ण सहयोग करें। जनपद में बिना अनुमति के कोई भी शोभा यात्रा या धार्मिक जुलूस नहीं निकलेगा। केवल परम्परागत कार्यक्रमों को ही अनुमति दी जायेगी। किसी नई परम्परा की शुरूआत नहीं होने दी जायेगी। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। बैठक के दौरान एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, समस्त क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस व प्रशासनिक एवं सभी वर्गों के धर्मगुरू एवं संभ्रात नागरिक उपस्थित रहे। पीस कमेटी की बैठक में निर्देश देते डीएम व एसएसपी।
