राजस्व विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए – डीएम

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व विभाग से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और अनावश्यक रूप से लंबित फाइलों को तत्काल प्रस्तुत किया जाए साथ ही उन्होंने राजस्व परिषद, कानपुर मंडल कानपुर तथा अन्य न्यायालयों से प्राप्त मांग पत्रों के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। राजस्व अभिलेखागार में लंबित राजस्व वादों, निर्गत/दाखिल की गई प्रपत्रावलियों तथा पेट्रोल पंपों की एनओसी से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 98 से संबंधित मामलों, कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लंबित प्रकरणों तथा लोकायुक्त एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त शिकायतों की स्थिति की भी जानकारी ली। इसके अलावा सार्वजनिक सेवाओं से संबंधित दुर्घटनाओं की लंबित मजिस्ट्रियल जांचों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने नाराजगी व्यक्त की और कहा कि कई मामलों में 10–13 वर्षों से जांच लंबित है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित जांचों की रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में ठेकेदारों के चरित्र प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता के लंबित प्रकरण, चरित्र सत्यापन एवं सेवायोजन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में लंबित रिट एवं पीआईएल याचिकाओं, लंबित पेंशन प्रकरणों तथा राजस्व परिषद की ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने लोकतंत्र सेनानियों को दी जाने वाली सम्मान धनराशि के वितरण, शस्त्र लाइसेंस से संबंधित प्रकरणों, परिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, नियत प्राधिकरण विनियमित क्षेत्र, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि से जुड़े मामलों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण किया जाए तथा कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाए। उक्त बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्देश देते डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *