current vision
इटावा। अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के सम्बन्ध में विचार-विमर्श हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को मीटिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 पूरा भरवाकर दिया जाए, जिसमें आधार कार्ड अवश्य लगाया जाए। उन्होंने सभी पार्टियों से अपील की कि बीएलए नए बूथ पर अवश्य नियुक्त किए जाएं एवं सुनवाई स्थल पर आवेदक के साथ फोटो खींची जाएगी। उन्होंने कहा कि आवेदक की ईआरओ के साथ फोटो खींची जाएगी। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर नोटिस रिसीव कराए जाएंगे एवं सुनवाई के दौरान अभिलेख अवश्य लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 में एक अभिलेख आधार कार्ड लगाकर जमा कर सकते है। मतदाता सूची सही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कल जनपद में लगभग साढ़े चार हजार लोगों की जनसुनवाई है, सभी को शत-प्रतिशत उपस्थित रहना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अवश्य जागरूक किए जाए। गांव-गांव कैंप लगाकर लोगों को जागरूक किया जाए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, उदयभान सिंह यादव समाजवादी पार्टी, आशुतोष दीक्षित कांग्रेस, मोहित जाटव बसपा, राहुल पाल अपना दल, कृपा नारायण तिवारी भाजपा, संजीव भदौरिया भाजपा, राकेश कुमार जिला महासचिव बसपा सहित समस्त राजनैतिक दल उपस्थित रहे।
