करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। प्रातः 10 बजे से आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनता दर्शन के दौरान प्रत्येक फरियादी की समस्या को एक-एक कर सुना गया तथा कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप हर शिकायत का प्रभावी निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। विशेष रूप से जमीन से जुड़े मामलों में पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।साथ ही आमजन से अपील की गई कि यदि उनकी कोई समस्या है तो वे जनता दर्शन में उपस्थित होकर अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें तथा सर्वप्रथम संबंधित अधिकारी को भी अवगत कराएं।
