करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। जनपद में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक के एजेंडे की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों से प्राप्त शिकायतों और लंबित प्रकरणों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्योगों के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।बैठक में औद्योगिक इकाइयों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा निवेश अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उद्योगों से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि जनपद में औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके।
