काजल शाक्य ने जीता गोल्ड
करंट विज़न संवाददाता
औरैया। समग्र शिक्षा माध्यमिक उत्तर प्रदेश (समेकित शिक्षा) के अंतर्गत जनपद स्तरीय ‘स्पोर्ट्स फॉर स्कूल’ खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रामगढ़ स्थित सुन्दर सिंह इंटर कॉलेज के शिवाजी स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार रजक ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया। प्रतियोगिता के दौरान सामान्य व दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। माध्यमिक विद्यालयीय स्तर पर आयोजित 1500 मीटर दौड़ (सीनियर बालिका वर्ग) में काजल शाक्य ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इसी स्पर्धा में गोमती दूसरे और पलक तीसरे स्थान पर रहीं। अन्य परिणामों में जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में धीरज प्रथम, शिखर द्वितीय व हर्षित तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बरौनकला की नव्या ने बाजी मारी, जबकि सोनी (रामगढ़) दूसरे और पलक (रामगढ़) तीसरे स्थान पर रहीं। खेल स्पर्धाओं के साथ-साथ दिव्यांग बच्चों के लिए रस्साकसी, म्यूजिकल चेयर, कला, नृत्य और गायन जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ।समापन सत्र में प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार रजक और कार्यक्रम संयोजक/जिला समन्वयक (समग्र शिक्षा माध्यमिक) दीपक दुबे ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका भूपदीप सिंह, सत्य प्रकाश, पंकज, पवन नायक और हीरालाल ने निभाई, जबकि मंच संचालन मोहित यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुनील कुमार, जितेन्द्र पाल, अजेश कुमार, रावेंद्र कुमार, रजनीश, विवेक कटियार सहित विद्यालय स्टाफ और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
