करंट विज़न संवददाता
फतेहपुर। आगामी होली एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, जलापूर्ति, साफ-सफाई तथा भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा का निर्वहन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि होली के दिन हुड़दंग मचाने वालों, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा नशे की हालत में बाइक चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्धारित मानक के अनुसार ही साउंड सिस्टम बजाने की अनुमति होगी और अभद्र गीत बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल द्वारा खागा नगर में सुबह 6 से 8 बजे के बीच होने वाली विद्युत कटौती का मुद्दा उठाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल रोस्टर में आवश्यक संशोधन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान बेहतर विद्युत आपूर्ति, निर्बाध जलापूर्ति और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी, समस्त उपजिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, विहिप के प्रांतीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र पाण्डेय, व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव उर्फ सोनू, युवा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्त, सभासद समाजसेवी, जिला उपाध्यक्ष अनिल साहू, शहर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, महामंत्री दीपक साहू, खखरेरू अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह उर्फ बाला जी, युवा अध्यक्ष उवैश खान, जिला मंत्री राजीव कुमार, जिला मीडिया प्रभारी अनुपम शुक्ल, समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह सहित जिले भर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
