होली पर्व के अवसर पर 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को रसोई गैस रिफिल सब्सिडी का वितरण।

करंट विज़न संवाददाता

कानपुर देहात में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत होली पर्व के अवसर पर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को लगभग 1500 करोड़ रुपये की धनराशि से रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम प्रदेश स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद कानपुर देहात में भी देखा एवं सुना गया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल व अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में उज्ज्वला लाभार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा उपस्थित सभी को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वास्थ्य संरक्षण एवं स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि होली पर्व के अवसर पर दी जा रही रसोई गैस रिफिल सब्सिडी से परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और त्योहार का उल्लास बढ़ेगा।कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से सब्सिडी के चेक वितरित किए गए। जनपद कानपुर देहात में लगभग 1,79,461उज्ज्वला लाभार्थियों को योजना का लाभ प्राप्त होगा तथा पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, उप जिलाधिकारीगण, जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उज्ज्वला लाभार्थियों की सहभागिता रही। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सब्सिडी राशि का समय पर अंतरण सुनिश्चित किया जाए तथा लाभार्थियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। कार्यक्रम का सफल आयोजन विभागीय समन्वय से संपन्न हुआ। जनपद प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी पात्र उज्ज्वला परिवारों को योजना का लाभ सुचारु रूप से प्राप्त हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *