नाले का गंदा पानी सीधे नदी में नहीं जाना चाहिए – डीएम

जिला गंगा, वृक्षारोपण एंव पर्यावरण समिति की बैठक सम्पन्न

इटावा। जिला गंगा, वृक्षारोपण एंव पर्यावरण समिति की बैठक जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने जिला गंगा समिति के अंतर्गत जन जागरूकता, नदी तट विकास, वनीकरण, सीवरेज उपचार हेतु बुनियादी ढांचे का विकास, नदी में बहने वाले ठोस अपशिष्ट को रोकना, जैव विविधता, नदियों का पुनरुद्धार आदि महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नदी में बहने वाले ठोस अपशिष्ट पदार्थ की रोकथाम हेतु निर्देश दिए। करनपुरा स्थित झरना नाला पर स्थापित 10.44 एमएलडी क्षमता वाला एसटीपी निरीक्षण के दौरान या तो आंशिक रूप से संचालित अथवा पूर्णतः निष्क्रिय पाया गया, जिसपर जिलाधिकारी ने स्थिति को देखते हुए कार्यदायी संस्था पर नाराजगी व्यक्त की एवं कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि नाले का गंदा पानी सीधे नदी में नहीं जाना चाहिए, नाले का सारा दूषित पानी पहले एसटीपी में लिया जाए फिर पानी को साफ करने के बाद ही नदी में छोड़ा जाए। उन्होंने नगर पालिका के जेई को जल्द से जल्द नाला साफ कराने हेतु एवं एसटीपी को 24 घंटे चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने नदी में बहने वाले ठोस अपशिष्ट पदार्थ सुनमेरा बाईपास पर साफ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक किया जाए कि वह नदी में कूड़ा, कपड़ा व अन्य किसी भी प्रकार का सॉलिड वेस्ट आदि न फेंके। उन्होंने कहा कि मेले व भीड़-भाड़ वाली जगहों पर बैनर लगाए जाएं जिससे लोगों में जागरूकता बढ़े। उन्होंने यमुना नदी के किनारे शमशान घाट के निकट खनन पर रोक लगाने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने खनन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा की नदी के किनारे खनन की कोई परमिशन न दी जाए। नदियों के पुनरुद्धार के संबंध में उन्होंने कहा कि पहले नदियों का सर्वे कराया जाए एवं काम के दौरान और बाद की फोटो अवश्य भेजी जाएं। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता कार्यक्रम जैसे जल सहेलियों का स्वागत एवं यमुना चौपाल आदि कार्यक्रम भी कराए जाएं। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप कृषि निदेशक आरएन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, डीएफओ विकास नायक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *