करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के नेतृत्व में पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग अब गांव-गांव से निकलकर राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर तक पहुंच चुकी है। फतेहपुर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय बुंदेलखंडी ने आंदोलन की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र वर्षों से जल संकट, बेरोजगारी, पलायन और असमान विकास जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जिनका स्थायी समाधान केवल पृथक राज्य के गठन से ही संभव है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई जिलों से लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से सीधे अपनी आवाज उठा रहे हैं।समिति के मीडिया प्रभारी देवव्रत त्रिपाठी ने जानकारी दी कि नागरिक टोल फ्री नंबर 1800-11-7800 पर कॉल कर बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग रिकॉर्ड करा सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने “अबकी बार बुंदेलखंड राज्य” के नारों के साथ आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया तथा इसे बुंदेलखंड की अस्मिता और भविष्य से जुड़ा संघर्ष बताया।
