पिता ने अपहरण के बाद हत्या करने का आरोप लगाया
करंट विज़न संवददाता
इटावा। थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत कोचिंग के लिए निकले छात्र का शव इकदिल रेलवे लाइन पर प्लास्टिक की बोरी में बरामद हुआ। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया। थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत बंधा गांव निवासी छात्र मनीष यादव25 वर्ष पुत्र राजवीर सिंह 18 फरवरी को कोचिंग के लिए निकला और अचानक गायब हो गया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी। परिवार का कहना है कि उन्होंने समय रहते पुलिस को जानकारी दी लेकिन शुरुआती स्तर पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। इसी बीच घटना ने भयावह मोड़ ले लिया। इकदिल इलाके में रात के समय रेलवे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां रेलवे ट्रैक के पास एक प्लास्टिक की बोरी पड़ी मिली। जब बोरी खोली गई तो उसमें युवक का शव था। बाद में शव की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इटावा मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पिता राजवीर सिंह और अन्य परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
मृतक के पिता राजवीर सिंह ने भरथना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अगर अपहरण के समय ही सख्त कार्यवाही होती तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। उन्होंने गांव में चल रहे जमीन विवाद को भी घटना से जोड़ा है। परिवार के अनुसार गांव की एक महिला और उसके परिजनों के साथ जमीन को लेकर काफी समय से अदालती विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि रेलवे से सूचना मिलने के बाद रात करीब दस बजे शव बरामद किया गया। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को जांच के दायरे में लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से बातचीत करते सीओ सिटी अभय नारायण राय।
