होली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, खाद्य विभाग की छापेमारी में नमूने सील

करंट विज़न संवददाता

आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और बड़ी मात्रा में मिलावटी सामान नष्ट कराया। विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 20 फरवरी 2026 को सहायक आयुक्त (खाद्य) के निर्देशन में टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर कई प्रतिष्ठानों की जांच की। छापेमारी के दौरान रसलाबाद क्षेत्र के बरियों गांव स्थित खोया निर्माण परिसर से रिफाइंड तेल, खोया, स्किम्ड मिल्क पाउडर और मिश्रित दूध के कुल 4 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इसके अलावा करीब 2 कुंतल खोया (अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये) और लगभग 50 लीटर मिश्रित दूध (अनुमानित कीमत 2500 रुपये) नष्ट कराया गया। इसी क्रम में बादशाहपुर स्थित एक अन्य खोया निर्माण इकाई से 3 नमूने जांच के लिए भेजे गए। यहां भी लगभग 3 कुंतल खोया (अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये) और करीब 100 लीटर मिश्रित दूध (अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये) नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने होली के मद्देनजर आम जनता से अपील की है कि अत्यधिक रंगीन कचरी, पापड़ और मिठाइयों के सेवन से बचें तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचना दें। अभियान के दौरान कुल 7 नमूने संग्रहित किए गए। यह कार्रवाई क्षेत्र में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती का संकेत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *