करप्शन की कार्रवाई: ₹10 हजार रिश्वत लेते लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार

करंट विज़न संवाददाता

प्रयागराज। उ0प्र0 सतर्कता अधिष्ठान (एंटी करप्शन) प्रयागराज सेक्टर की टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए मंझनपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय लेखपाल महेंद्र कुमार को ₹10,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने दिनांक 20.02.2026 को पुलिस अधीक्षक, उ0प्र0 सतर्कता अधिष्ठान, प्रयागराज सेक्टर के समक्ष उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बेरोजगारी के लिए हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने हेतु ऑनलाइन आवेदन दिनांक 18.01.2026 को किया गया था।आरोप है कि दिनांक 18.02.2026 को आवेदन पत्र लेकर तहसीलदार मंझनपुर के समक्ष प्रस्तुत होने पर रिपोर्ट लगाने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल महेंद्र कुमार से संपर्क हुआ, जिन्होंने रिपोर्ट लगाने के एवज में ₹10,000 रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत देने से इनकार करने पर कथित रूप से रिपोर्ट उल्टी लगाने की बात कही गई।शिकायत की गोपनीय जांच कराए जाने पर मामला ट्रैप कार्रवाई के लिए सही पाया गया। इसके बाद उ0प्र0 सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज की ट्रैप टीम ने दिनांक 23.02.2026 को चपहा बाजार चौराहा क्षेत्र, जनपद कौशांबी में विधिक कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय लेखपाल महेंद्र कुमार को ₹10,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 9454404859 एवं 9454401866 पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *