पांच बच्चे सीएचसी बिधूना भेजे गये, स्कूल में पुलिस व स्वस्थ्य विभाग की टीमें पहुंची
करंट विज़न संवाददाता
बेला। थाना क्षेत्र के गांव हरदू स्थित कम्पोजिट विद्यालय में आंगनवाड़ी केंद्र के अंदर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गांव स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र हरदू की एएनएम सरस्वती, आशा सुगंध, उपासना व नीलम खसरा-रुबेला की वैक्सीन लेकर पहुंची। प्रधानाध्यापक अरुण कुमार यादव से कहा की कक्षा पांच के सभी बच्चों के टीके लगने है। जिसके बाद प्रधानाध्यापक ने स्कूल का मेन गेट बंद कर दिया। बच्चों का आरोप है की उन्हें लंच में घर भी नहीं जाने दिया गया। मिड डे मील में बच्चों को तहरी व दूध दिया गया था। वैक्सीन के डर से कुछ बच्चे स्कूल के बाउंड्री बाल फांद कर भाग गये। स्वास्थ्य टीम ने करीब 22 बच्चों के टीके लगाये गये। जिसमें तनवी(11) पुत्री ब्रजेश कुमार, सलोनी (12) पुत्री शिवदत्त, संतोषी (10) पुत्री दिलीप कुमार, शिवांगी (11) पुत्री अनिल कुमार, प्रतीक्षा (12) पुत्री नरेंद्र कुमार बाथम की हालत बिगड़ गई। ग्रामीणों ने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर थानाध्यक्ष गंगादास गौतम फ़ोर्स के साथ पहुंचे और प्रकरण की जांच शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में सीएचसी बिधूना अधीक्षक डॉ वी पी शाक्य व सीएचसी बेला अधीक्षक डॉ जीतेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस से पांचो बच्चों को सीएचसी बिधूना भेजा गया। जहां मौजूद चिकित्स्कों ने उनका उपचार कर देर शाम घर भेज दिया। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया है की स्थिति सामान्य है। कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ वी पी शाक्य ने बताया है की सभी बच्चे स्वस्थ्य है। उन्हें घर भेज दिया गया है।
