करंट विज़न संवददाता
कानपुर देहात के मुख्य विकास अधिकारी श्री विधान जायसवाल द्वारा विकास खंड डेरापुर में संचालित अस्थायी गौवंश आश्रय स्थल कुढावल गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में पशुओं के रख-रखाव, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरिक्षण के समय आश्रय स्थल में कुल 123 गौवंश (58 नर, 65 मादा) गौवंश पाए गए एवं सभी गौवंशों में ईयर टैगिंग भी शतप्रतिशत पायी गयी निरीक्षण के समय उन्होंने गौवंशों के लिए उपलब्ध चारा, 30 कुन्तल भूसा, 04 कुन्तल पशु आहार उपलब्ध पाया गया | हरा चारा तथा पेयजल की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि गौवंश को समय से एवं पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने गौशाला में रह रहे गौवंश के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा बीमार पशुओं का तत्काल उपचार कराने के निर्देश भी दिए। वहीं उन्होंने भूसा एवं पशु आहार कक्ष का भी निरीक्षण किया एवं खंड विकास अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि पशुओं को उपलब्ध कराए जाने वाले भूसा, पशु आहार की साप्ताहिक रूप से सैंपलिंग कराते हुए उसकी जांच भी आवश्यक रूप से कराई जाये।उन्होंने गौशाला परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि गौशाला परिसर, शेड, नांद एवं जल व्यवस्था को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जाए, जिससे पशुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने गौशाला में जल निकासी एवं गोबर निस्तारण की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित गौसंरक्षण एवं पशु कल्याण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, डीसी मनरेगा एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं गौशाला कर्मचारी उपस्थित रहे।
