जन-कल्याणकारी प्रावधानों पर हुई विस्तृत चर्चा
करंट विज़न संवाददाता
बिधूना (औरैया) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 की बारीकियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए गुरुवार को बिधूना ब्लॉक सभागार में ‘बजट विधानसभा चौपाल’ का सफल आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष सर्वेश कठेरिया की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने वाला है। उन्होंने बताया कि बजट 2026 में किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे (सड़क, आवास व डिजिटल नेटवर्क) के विस्तार को देश की प्रगति का ठोस रोडमैप बताया।चौपाल में बिधूना विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी रिया शाक्य, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, सहकारी विकास संघ (औरैया-इटावा) के अध्यक्ष एड. अभय सेंगर, और वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल शुक्ला ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग को राहत देने वाला और गरीबों को मुख्यधारा से जोड़ने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज है।कार्यक्रम का सफल संयोजन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व आदर्श ठाकुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों व्यापारी बंधु, मातृशक्ति और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति अपना उत्साह और समर्थन व्यक्त किया।
