*करंट विजन संवाददाता इमरान खान
उत्तर प्रदेश/ इटावा: जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ कोचिंग से घर लौट रहे एक छात्र की कथित तौर पर हत्या कर दी गई और उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। इस सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है और पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं।
मृतक की पहचान भरथना क्षेत्र के बंधा गांव निवासी मनीष यादव (छात्र) के रूप में हुई है। मनीष 18 फरवरी को कोचिंग से वापस आने के बाद अचानक लापता हो गया था। आज तड़के (दिनांक 20 फरवरी) डकदिल इलाके में रेलवे लाइन के पास एक प्लास्टिक की बोरी से उसका खून से लथपथ शव मिला।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्यारों ने वारदात को रेल हादसा दिखाने की साजिश की थी, लेकिन शव को बोरी में बंद कर फेंके जाने से उनकी पोल खुल गई। रात करीब 12 बजे रेलवे के कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया, जहाँ परिजनों ने उसकी पहचान की।
वहीं, सिटी कोतवाली के सीओ अभय नारायण राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के दायरे में मनीष के मोबाइल और लैपटॉप को रखा गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मनीष के पिता का गांव में ही सीमा यादव नाम की महिला के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। ऐसे में हत्या के इस मामले में सीमा यादव और उसके परिजनों पर भी शक की सुई घूम रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
