जमीन को लेकर चाचा-भतीजे के बीच खूनी संघर्ष

भतीजा गम्भीर रूप से घायल

करंट विजन संवाददाता
फफूंद (औरैया) । थाना क्षेत्र के माखनपुर गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चाचा भतीजे के बीच चल रहा विवाद शनिवार को हिंसक हो गया जिसमें चाचा ने भतीजे की मारपीट कर दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना क्षेत्र के ग्राम माखनपुर निवासी जवाहरलाल के पुत्र जितेंद्र कुमार का आरोप है कि उसके चाचा और उनके बेटों ने धारदार हथियार से हमला किया।इस हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई जिसमें कई टांके लगे। पीड़ित परिवार के अनुसार फफूंद में ली गई एक जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका था इसी बात को लेकर पूर्व में भी कहासुनी हुई थी जिसने आज विकराल रूप ले लिया । दिबियापुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जितेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल (सौ शैय्या अस्पताल) रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष थाने आया था उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *