रनियां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 94.8 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

कानपुर देहात।

जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रनियां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 94 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार दिनांक 29 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति टीवीएस मोपैड से प्लास्टिक के टब में गांजे के पैकेट लेकर रायपुर कुकहट फैक्ट्री एरिया में खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना रनियां पुलिस टीम निर्माणाधीन हर्षित जायसवाल की फैक्ट्री के पास पहुंची। वहां दो युवक मोपैड पर बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम आर्यन पुत्र अमर सिंह (30 वर्ष) निवासी कंजड़ बस्ती सचेंडी, थाना सचेंडी, जनपद कानपुर नगर तथा अनुज कुमार पुत्र दीपक (22 वर्ष) निवासी हरजिंदर नगर लाल बंगला, थाना चकेरी, जनपद कानपुर नगर बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो पैकेट अवैध गांजा, 20,200 रुपये नगद, दो कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए। गहन पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने और भी गांजा पास की एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा रखा है। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने फैक्ट्री परिसर से भारी मात्रा में गांजा तथा एक अन्य टीवीएस मोपैड बरामद किया। इस प्रकार कुल 94 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा पुलिस के कब्जे में लिया गया। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना रनियां में मु0अ0सं0 0019/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त अनुज कुमार के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली थाना रनियां पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवनारायन सिंह सहित उपनिरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *