करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। होली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में टीम ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल चार विधिक नमूने संग्रहित किए, जबकि 600 किलो रंगीन कचरी और 71 किलो सरसों का तेल जब्त किया गया।जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग की टीम ने मलवां क्षेत्र के सौंरा स्थित गीता फूड प्रोडक्ट्स (प्रो. गीता देवी) के यहां से रंगीन कचरी का एक नमूना जांच के लिए लिया और मौके से 600 किलो रंगीन कचरी जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 हजार रुपये बताई गई।इसी क्रम में चौक खागा स्थित जमील अहमद के प्रतिष्ठान से सरसों तेल के दो नमूने लिए गए तथा 58 किलो तेल (लगभग 9,280 रुपये मूल्य) जब्त किया गया। वहीं जयपुरिया स्कूल के पास स्थित मनीष प्रताप सिंह के प्रतिष्ठान से सरसों तेल का एक नमूना लेकर 13 किलो तेल (करीब 2,470 रुपये मूल्य) सीज किया गया।सभी नमूनों को जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थ ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, मिलावट रहित एवं मानक के अनुरूप सामग्री बेचने तथा बिना लाइसेंस कारोबार न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को भी मिलावट के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।कार्रवाई टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चन्द्र, सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित एवं अनुराधा कुशवाहा शामिल रहीं।
