कानपुर देहात में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, 1090 लीटर सरसों तेल सीज

करंट विज़न संवाददाता

कानपुर देहात।आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई आयुक्त कार्यालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ और जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देश पर 22 व 23 फरवरी 2026 को की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और संदिग्ध सामग्री जब्त की। बिझौना रोड स्थित उपकार इंटरप्राइजेज खाद्य कारोबारी जियाउत हसन के प्रतिष्ठान से सरसों तेल के 2 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही लगभग 1090 लीटर सरसों तेल (मूल्य करीब 1.74 लाख रुपयेसीज किया गया। नयी बस्ती भोगनीपुर आशीष कुमार के प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध व पेड़ा का एक-एक नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। माचा स्थित बंसल एग्रो इंडस्ट्री शुभम बंसल के प्रतिष्ठान से सरसों तेल के 2 नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। बिहारी मोहल्ला संजय कुमार के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। सिकन्दरपुर, तहसील ,रसूलाबाद खोया निर्माण इकाई पर कार्रवाई करते हुए खोया, घी, मिश्रित दूध व रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने लिए गए। इसके अलावा लगभग 40 किलो खोया 10 हजार रुपये और 123 लीटर मिश्रित दूध 6765 रुपये नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। होली के मद्देनजर विभाग ने आम जनता से अपील की है कि रंगीन कचरी, पापड़ और मिठाइयों जैसी संदिग्ध खाद्य वस्तुओं का सेवन न करें। यदि कहीं मिलावट की आशंका हो तो तत्काल विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *