आयुष्मान कार्ड धारक का उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक तकनीक से निःशुल्क दुर्लभ ऑर्थोपेडिक सर्जरी सफल

करंट विजन संवाददाता इमरान खान

सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के ऑर्थोपेडिक विभाग में एक जटिल एवं दुर्लभ सर्जरी अत्याधुनिक दुरबीन (आर्थ्रोस्कोपी) तकनीक से सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई। यह सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पूरी तरह निःशुल्क की गई।
64 वर्षीय मरीज रामकिशन, जो पिछले एक वर्ष से कंधे में गंभीर दर्द से पीड़ित थे, इलाज के लिए ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. हरीश कुमार की ओपीडी में पहुंचे। जांच के दौरान उनकी समस्या को गंभीर पाते हुए आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी की सलाह दी गई।
पूर्व जांचों में यह भी सामने आया कि मरीज को हृदय एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियां हैं, जिसके कारण सर्जरी एक चुनौतीपूर्ण कार्य बन गई थी। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार के मार्गदर्शन में चिकित्सकों की टीम ने बिना बड़े चीरे और न्यूनतम रक्तस्राव वाली आधुनिक आर्थ्रोस्कोपी तकनीक का उपयोग करते हुए, मरीज की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सफलतापूर्वक लिगामेंट की सर्जरी की।
आयुष्मान कार्ड धारक होने के कारण मरीज का संपूर्ण उपचार निःशुल्क किया गया, जिससे उसे आर्थिक रूप से भी बड़ी राहत मिली।
इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में प्रो. डॉ. सुनील कुमार एवं प्रो. डॉ. हरीश कुमार के साथ डॉ. राजीव कुमार, डॉ. ऋषभ अग्रवाल, ऑर्थोपेडिक रेजिडेंट्स, ओटी स्टाफ तथा एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. सुची एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस सफलता को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *