इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के गांव चांदनपुर में ग्रामीणों को न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन अधिकार मित्र ऋषभ पाठक व कुमारी नीरज द्वारा किया गया। शिविर में स्थायी लोक अदालत, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर दांपत्य विवादों के निस्तारण, मध्यस्थता और वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकार मित्रों ने बताया कि न्यायालय में जाने से पूर्व लोक अदालत और मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण, त्वरित और कम खर्च में समाधान संभव है। विशेष रूप से पारिवारिक व दांपत्य विवादों में आपसी सहमति से समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। शिविर में प्रधानाध्यापक गीता देवी, ग्राम प्रधान बृजेंद्र यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बीना देवी सहित ग्रामीण महिलाएं, युवतियां व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने जानकारी को उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के लगातार आयोजन की मांग की।
-स्थाई लोक अदालत के बारे में जानकारी देते अधिकार मित्र।
