करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। धाता थाना क्षेत्र के देवरार गांव स्थित प्रताप कोल्ड स्टोर में देर रात अमोनिया गैस का रिसाव होने से इलाके में हड़कंप मच गया। गैस फैलने के कारण आसपास के ग्रामीणों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत होने लगी, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। फतेहपुर और कौशांबी से आई दमकल टीमों ने मास्क और ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से गैस टैंक के वॉल्व को बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया।दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और स्थिति सामान्य बताते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
