गलत इलाज से युवक का हाथ खराब होने का आरोप

निजी क्लीनिक संचालक पर लापरवाही का दावा
डीएम-सीएमओ से जांच की मांग

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर।मलवां थाना क्षेत्र के भदबा मजरे ओझी खरगसेनपुर गांव निवासी रूपम सिंह पुत्र बच्छराज सिंह ने एक निजी क्लीनिक संचालक पर गलत इलाज कर दाहिना हाथ खराब कर देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित के अनुसार, सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उन्होंने शहर के आईटीआई रोड स्थित वर्मा चौराहा के पास संचालित ओझा क्लीनिक में उपचार कराया था। आरोप है कि क्लीनिक संचालक डॉ. सर्वेश धर ओझा ने उन्हें भर्ती कर ऑपरेशन किया, लेकिन उपचार में लापरवाही और गलत प्रक्रिया अपनाने के कारण उनका दाहिना हाथ प्रभावित हो गया।रूपम सिंह का कहना है कि इलाज और ऑपरेशन के नाम पर उनसे एकमुश्त भारी रकम भी ली गई। हालत बिगड़ने पर जब उन्होंने कानपुर में दूसरे डॉक्टर को दिखाया तो वहां ऑपरेशन गलत होने की बात बताई गई। आरोप है कि शिकायत करने पर क्लीनिक संचालक ने उन्हें अपशब्द कहकर भगा दिया।पीड़ित ने जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह और सीएमओ राजीव नयन गिरी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने शिकायत की जांच कराए जाने तथा आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *