करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। जिला न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान अधिवक्ताओं ने बहिष्कार करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ता समाज ने दिलीप त्रिवेदी सहित दो अधिवक्ताओं को कथित रूप से गलत तरीके से जेल भेजे जाने का आरोप लगाते हुए न्यायालय गेट पर नारेबाजी की।प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का कहना था कि बिना विधिक प्रक्रिया का पालन किए अधिवक्ताओं को उनके घर से उठाकर जेल भेज दिया गया, जिससे अधिवक्ता समाज में भारी रोष है। विरोध के दौरान कई अधिवक्ता न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार पर खड़े होकर आने-जाने वालों को रोकते हुए अपनी नाराजगी जताते रहे।काफी देर तक चले इस प्रदर्शन के कारण न्यायालय परिसर में हलचल का माहौल बना रहा। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होगी और अधिवक्ताओं की बेल नहीं होगी, तब तक विरोध जारी रहेगा।प्रदर्शन के चलते लोक अदालत की कार्यवाही भी प्रभावित होने की चर्चा रही।
