जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में हुई महत्वपूर्ण बैठक
करंट विज़न संवाददाता
प्रयागराज। आगामी होली पर्व एवं अन्य प्रमुख त्योहारों को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को संगम सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीस कमेटी, सिविल डिफेंस, जिला अपराध निरोधक समिति सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी माह में होली, रमजान, ईद एवं नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहार हैं, जिन्हें आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ सम्पन्न कराया जाना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार परम्परागत ढंग से ही मनाए जाएं और किसी भी नई परम्परा की शुरुआत न हो। साथ ही होलिका दहन स्थलों में परिवर्तन केवल सभी पक्षों की सहमति से ही किया जाए तथा सार्वजनिक आवागमन बाधित न होने पाए।उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर सतर्क नजर रखने और समय रहते कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए साउंड सिस्टम धीमी आवाज में चलाने को भी कहा गया।जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी नगर, सभी उपजिलाधिकारियों, अपर नगर मजिस्ट्रेटों एवं एसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में होलिका दहन स्थलों का भ्रमण कर आयोजकों से बैठक करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को अलर्ट मोड में रहने, जर्जर तारों को दुरुस्त करने तथा निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया।स्वास्थ्य विभाग को सीएचसी पर दवाओं व चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, एम्बुलेंस व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब के विरुद्ध अभियान तेज करने तथा कच्ची शराब नष्ट कराने के निर्देश दिए गए। नगर निगम एवं पंचायतीराज विभाग को साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था करने, जल निगम को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित रखने तथा अग्निशमन विभाग को फायर टेंडर अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए। मिलावटी खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखते हुए नकली खोवा बनाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा ने अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने और आवश्यक होने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों का विशेष भ्रमण करने और आयोजकों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस आयुक्त ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
