नियमितीकरण और वेतनमान की उठाई मांग
करंट विज़न संवाददाता
उत्तर प्रदेश आपदा मित्र एसोसिएशन के बैनर तले जिले के आपदा मित्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर हुंकार भरी है। जिला मुख्यालय पहुंचकर आपदा मित्रों ने जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने सामाजिक सुरक्षा और बेहतर कार्य दशाओं की मांग की। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष भारत सिंह राजपूत के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में आपदा मित्रों और सखियों के लिए ठोस नीति बनाने की अपील की गई। सरकार द्वारा घोषित 5 लाख रुपये के बीमा को बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया जाए। सभी आपदा मित्रों को 26,910 रुपये प्रति माह का न्यूनतम वेतनमान दिया जाए। आपदा मित्रों को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, फायर ब्रिगेड और मुख्यमंत्री सुरक्षित विद्यालय योजना से जोड़ते हुए उन्हें आपदा कर्मचारी घोषित किया जाए। स्वास्थ्य बीमा, ईएसआई , पीएफ और रिटायरमेंट जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएं। ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि वर्ष 2018 से आपदा मित्र लगातार प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। कोरोना काल जैसी वैश्विक महामारी हो या छठ पूजा, माघ मेला, सावन मेला और कुम्भ मेला जैसे बड़े आयोजन, आपदा मित्रों ने हर मोर्चे पर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। इसके अलावा गणतंत्र दिवस परेड, मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण और नागरिक सुरक्षा जैसे कार्यक्रमों में भी इनकी सक्रिय भागीदारी रही है। एसोसिएशन ने मांग की है कि उन्हें नए आई-कार्ड और ड्रेस किट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, प्रशिक्षण और कार्य दिवसों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देशित किया जाए कि वे आपदा मित्रों की फर्स्ट एड किट को रिफिल (भरवाने) की व्यवस्था करें। ज्ञापन के दौरान जिला उपाध्यक्ष हरिओम यादव, जिला सचिव देवेंद्र कुमार, जिला कोषाध्यक्ष सौरभ राठौर और जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप कुमार सहित भारी संख्या में संगठन के सदस्य मौजूद रहे।
