श्रीराम भाग के अंतर्गत विराट हुआ हिन्दू सम्मेलन का आयोजन

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। विविधता में एकता की भावना के साथ सभी हिन्दू परिवारों द्वारा अपने धार्मिक ग्रंथों के स्वाध्याय तथा तदनुसार जीवन चर्या का अनुपालन करने से ही हमारा भारत राष्ट्र अपने पूर्ववत गौरव के शिखर को फिर हासिल करेगा। ये बात राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा अपने शताब्दी वर्ष के तृतीय चरण में आयोजित किए जा रहे हिन्दू सम्मेलन के क्रम में श्रीराम भाग के तहत माया मैरिज होम में हुए विराट हिन्दू सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कालीबाड़ी पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सुबोधानंद सरस्वती महाराज ने कही। उन्होंने कहा कि अपने धर्म और अपनी संस्कृति के संवर्धन से ही हिंदू एकता सुदृढ़ होगी। मुख्य वक्ता संघ के विभाग प्रचारक यशवीर जी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता बहुत विशाल है, इसी विविधता को एक माला में संजो के रखने के उद्देश्य को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के तृतीय चरण में विराट हिन्दू सम्मेलन हर बस्ती हर मंडल तक आयोजित करवाने के लिए तत्पर है और इसी ध्येय के साथ श्रीराम भाग की कटरा फ़तेह महमूद खां बस्ती में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमें हिन्दू समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र की सेवा में लगना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. विनोद शर्मा द्वारा की गई। श्रीमती उर्मिला भदौरिया जिला महिला विमर्श प्रमुख ने कहा कि नारी शक्ति को अपने संस्कार और सभ्यता को मजबूत बनाने के प्रति सदैव सचेत रहना होगा। कवि शिवगोपाल अवस्थी द्वारा हिन्दू एकता पर अपनी स्वरचित कविता तथा विनोद राठौर द्वारा गीत प्रस्तुत किया गया। माही, शिवांशी, विवान ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में मंच संचालक रवि प्रताप मिश्र श्रीराम भाग प्रमुख द्वारा सभी का धन्यवाद प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में हिन्दू समाज को एक स्थान पर एकत्रित करने में अहम भूमिका निभाने वाले संघ के कर्मठ नगर कार्यवाह सर्वजीत सिंह भदौरिया, जिला पर्यावरण प्रमुख महेंद्र चौहान,बस्ती पालक अजय त्रिपाठी, बस्ती प्रमुख रोबिन भदौरिया, सह बस्ती प्रमुख अजय गुप्ता, विनोद राठौर, शैलेन्द्र गुप्ता, शाश्वत जी, अखंड जी, केशव जी के अलावा सकल हिन्दू समाज तथा सदर विधायिका सरिता भदौरिया की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। हिंदू सम्मेलन में उपस्थित संत व अन्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *